कोरोना संक्रमित मरीजों के गांवों में गन्ना तोल बंद
बिजनौर। कोरोना संक्रमित लोगों के गांवों में क्वारंटीन का पूरा पालन कराने के लिए गांवों के किसानों की गन्ना तोल तक बंद करा दी गई है। किसानों को खेतों में नहीं जाने दिया जा रहा है। कम से कम 14 दिन तक इन गांवों में गन्ना तोल बंद रहेगी।
जिले में अब तक कोरोना के 12 केस मिल चुके हैं। अधिकतर केस गांवों के हैं। इन गांवों को सील कर दिया गया है। गांव वालों के घर से निकलने तक पर रोक लगा दी गई है। हालांकि गांवों में जरूरी सामान जैसे फल, सब्जी, दवाई आदि का ध्यान रखा जा रहा है। बरकातपुर मिल क्षेत्र के गांव सबलपुर बीतरा व श्यामीवाला, स्योहारा चीनी मिल क्षेत्र के गांव मेवा जट, मेवा नवादा व जयराम को पहले ही सील कर दिया गया है। बरूकी क्षेत्र के गांव नरगदी नवादा को भी सील कर दिया गया है। शासन ने इन गांवों में गन्ने की तोल बंद करा दी है। चीनी मिल कम से कम 14 दिन तक तोल नहीं करेंगी। कोई नया कोरोना संक्रमित नहीं मिलता है तो इन गांवों में तोल शुरू होगी। तब तक इन गांवों के किसानों को गन्ना पर्ची भी जारी नहीं होगी। जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह का कहना है कि इस समय किसानों की कोरोना से रक्षा करना शासन की प्राथमिकता है। खेतों में गन्ना खड़ा रहेगा। हालात सामान्य होने पर किसान गन्ना डालेंगे। किसान घरों में ही रहें। सील किए गए गांवों के लोग खुद के लिए व परिजनों के लिए क्वारंटीन का सख्ती से पालन करें।