झांकियों के साथ निकाली शोभायात्रा
नांगलासेती/मंडावली। संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में भागूवाला, मंडावली और नांगलसोती क्षेत्र के गांवों में धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। आकर्षक झांकियों के साथ समाज के लोगों ने अखाड़ों में करतब दिखाए।
संत शिरोमणि गुरु रविदास समिति श्यामीवाला ने संत रविदास जयंती पर हवन किया। समिति के अध्यक्ष संजीव कुमार, कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, सचिव प्रवीण सिंह, कोमल सिंह के नेतृत्व में गांव में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में संत रविदास के जीवन पर आधारित झांकियां और अखाड़े का प्रदर्शन किया। मंडावली में पुलिस की देखरेख में संत रविदास शोभायात्रा निकाली गई। समिति अध्यक्ष भगवा सिंह और अखाड़े के खलीफा प्रेम सिंह व धर्मेंद्र सिंह की देखरेख में अखाड़ा जुलूस निकाला गया।
संत शिरोमणि गुरु रविदास समिति जीतपुर खास की ओर से निकाली गई शोभायात्रा रविदास धर्मशाला जीतपुर खास से शुरू होकर नांगलसोती के विभिन्न मार्गों से होते हुए रविदास धर्मशाला में संपन्न हुई। समिति अध्यक्ष भूरे सिंह व उस्ताद बलराम सिंह के नेतृत्व में अखाड़े में खिलाड़ियों ने करतब दिखाए। गांव हुसैनपुर में अखाड़े के खलीफा मुंशी किशोरीलाल, गंगाराम, डॉ. प्रेम, नाथे सिंह, रतन सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, रामगोपाल के नेतृत्व में शोभयात्रा निकाली गई। क्षेत्र के गांव मोचीपुरा, कल्हेड़ी, चौगांवा, बीरामपुर, हरचंदपुर, अभीपुरा, मुस्सेपुर, कामराजपुर में भी संत रविदास शोभायात्रा निकाली गईं।
प्रशासन ने श्यामीवाला की शोभायात्रा पर रखी पैनी नजर
भागूवाला। गांव श्यामीवाला में कड़ी सुरक्षा के बीच संत रविदास शोभायात्रा निकाली गई। एसडीएम और सीओ ने शोभायात्रा के कार्यक्रम में पहुंचकर लोगों से भाईचारे के साथ शोभायात्रा निकालने की अपील की।
गांव श्यामीवाला में दो पक्षों के विवाद के चलते सन 2012 से 2019 तक वहां शोभायात्रा निकालने पर प्रशासन द्वारा पाबंदी लगाई गई थी। सन 2020 में ग्रामीणों की मांग पर श्यामीवाला में फिर से शोभायात्रा निकालने की परंपरा शुरु हुई। बुधवार को एसडीएम मनोज कुमार सिंह व सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने गांव श्यामीवाला पहुंचकर लोगों से शोभायात्रा में शांति व्यवस्था बनाने रखने की बात कही। मंडावली पुलिस और पीएसी की कड़ी सुरक्षा के बीच श्यामीवाला में शोभायात्रा निकली। मुजाहिदा पट्टी मार्ग पर मस्जिद के सामने प्रशासन ने 200 मीटर तक शांतिपूर्ण तरीके शोभायात्रा निकलवाई।
जलालाबाद के हुसैनपुर में शोभायात्रा में भाग लेते बाल कलाकार।- फोटो : NAZIBABAD
मंडावली के मुस्सेपुर में राधा-कृष्ण की झांकी निकालते कलाकार।- फोटो : NAZIBABAD
मंडावली में संत रविदास शोभायात्रा में करतब दिखाता कलाकार।- फोटो : NAZIBABAD