जिले को भगवा ध्वज और झंडियों से पाटने की तैयारी
बिजनौर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के शुभारंभ के दिन जिले को भगवामय करने के लिए जिले भर के विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गए हैं। जिले के सभी प्रखंडों में भगवा ध्वज व झंडी लगाने की तैयारी की जा रही है।
विहिप और बजरंग दल भूमि पूजन को दीपावली की तरह जनता के बीच ले जाना चाहती है। संगठन के सदस्य भगवा ध्वज तैयार करने में लग गए हैं। विहिप के विभाग मंत्री जितेंदर चौधरी, जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष मनोज शर्मा, जिला मंत्री कैलाश उपाध्याय, जिला सहमंत्री अनिल चौधरी, सौरभ शर्मा, बजरंग दल जिला संयोजक आशीष बालियान समेत तमाम कार्यकर्ता तैयारी में जुटे है। जितेंद्र चौधरी ने बताया हजारों की संख्या में ध्वज व झंडी तैयार की जा चुकी है। इन्हें चौराहों व आवासों पर लगाया जाएगा। कार्यकर्ता कार्यालय पर पहुंचकर ध्वज झंडे प्राप्त कर सकते हैं।
विहिप के प्रांत प्रचार/मीडिया विभाग के ललित व विभाग अध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया सभी आयामों के प्रमुख कार्यक्रम की तैयारी में जुटे है। विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री कैलाश उपाध्याय ने आह्वान किया है कि पांच अगस्त को अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का शिलान्यास होने जा रहा है। इस मौके पर सभी अपने घरों पर शगुन के रूप में दीये जलाएं और रंग बिरंगी रोशनी करें।