बिजनौर। महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में धीरे-धीरे स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। ऐसे में 200 बेडेड नए भवन में वार्ड संचालन की तैयारियां चल रही हैं। मरीजों के हित को देखते हुए वार्ड शुरू करने को लेकर काम चल रहा है।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला संयुक्त चिकित्सालय के भवन में ही अभी वार्ड संचालित हो रहे हैं। 200 बेडेड भवन में ओपीडी तो पहले ही शुरू हो गई हैं। अब वार्ड संचालित किए जाने हैं। इसके लिए प्राचार्य ने वार्ड संचालन एवं रखरखाव के लिए पांच सदस्य अस्पताल समिति गठित की है। समिति में अध्यक्ष डॉ. रतन सिंह, सदस्य डॉ. दिनेश कुमार गोस्वामी, डॉ. शितांशु कुमार सिंह, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. नीलम शर्मा शामिल हैं। नए भवन में वार्ड संचालित होने से मरीजों को भी कम परेशानी होगी। एक ही भवन में ओपीडी और वार्ड संचालित होंगे तो कोई भी समस्या होने पर तुरंत चिकित्सक मरीज को देख सकेंगे। समिति यह भी ध्यान रखेगी कि वार्ड में भर्ती मरीज को कोई परेशानी न हो।