हाथी के शव का किया पोस्टमार्टम
बढ़ापुर (बिजनौर)। बढ़ापुर वन रेंज के सीमावर्ती गन्ने के खेत में बीमारी से मरे हाथी का बरेली, कानपुर व मथुरा से आई चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया।
बढ़ापुर वन रेंज से सटे मोजा चकमियां मोहकमपुर के गन्ने के खेत में बीमारी से मरे हाथी का बृहस्पतिवार को बढ़ापुर वन रेंज कार्यालय परिसर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के डाक्टर एम करीकलन बरेली, डाक्टर नासिर कानपुर, डाक्टर राहुल राजपूत मथुरा, डाक्टर रवींद्र सिंह कोतवाली देहात एवं डाक्टर कौशल किशोर बढ़ापुर ने डीएफओ (नजीबाबाद) मनोज कुमार शुक्ला और डीएफओ (बिजनौर) डाक्टर एम सेम्मारन की मौजूदगी में हाथी के शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम हो जाने के बाद हाथी के शव को रेंज कार्यालय के समीप दफना दिया गया। बढ़ापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि हाथी के निकले दोनों दांतों को बढ़ापुर वन रेंज कार्यालय में सुरक्षित रखा गया है।