जजी में चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस की नजर
बिजनौर। जजी परिसर में चप्पे चप्पे पर पुलिस की नजर रही। जजी परिसर में आने-जाने वाले लोगों की तलाशी ली गई। दरअसल तंजील हत्याकांड के आरोपी मुनीर की पेशी को लेकर भी जजी परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया।
मंगलवार सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जजी परिसर में चेकिंग अभियान चलाया। जजी के दोनों गेट पर पुलिस निगरानी कर रही थी। परिसर के अंदर आने वाले लोगों की तलाशी लेकर जाने दिया गया। डॉग स्क्वायड ने भी चेकिंग की। वाहनों की भी तलाशी ली गई। सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। मंगलवार को हत्यारोपी मुनीर की पेशी थी। एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील हत्याकांड का आरोपी फिलहाल बिजनौर जेल में ही बंद है। तंजील हत्याकांड केस की सुनवाई तेजी से चल रही है। जल्दी-जल्दी लग रही तारीख की वजह से ही तिहाड़ जेल के बजाए मुनीर को बिजनौर जेल में ही रखा गया है।