अफजलगढ़। नगर में रोडवेज बस स्टैंड न होने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। बस स्टैंड न होने से बसों के आने-जाने के समय का पता नहीं चल पाता है। कई बार बसें राष्ट्रीय राजमार्ग से ही सीधे निकल जाती हैं और यात्री तिराहे पर बस का इंतजार करते रह जाते हैं। बार- बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से मांग के बावजूद बस स्टैंड की स्थापना नहीं हो पाई है। नगर व क्षेत्रवासियों ने शीघ्र नगर में बस स्टैंड की स्थापना की मांग की है।
आजादी के बाद से करीब 79 वर्षों के बाद भी नगर में मूलभूत सुविधाओं का टोटा है। नगर में रोडवेज बस स्टैंड की स्थापना नहीं हो पाई। नगर से 10 से अधिक बसों का संचालन होता है जबकि करीब 100 से अधिक रोडवेज बसे नगर से होकर विभिन्न स्थानों को जाती हैं। नगर से होकर हरिद्वार, सहारनपुर, देहरादून, पंजाब, दिल्ली, मेरठ, बरेली टनकपुर, मुरादाबाद आदि सहित विभिन्न स्थानों व राज्यों के लिए संचालित होती हैं। बस स्टैंड नहीं होने से बसों के समय का पता नहीं चल पाता है।
गांव जमनपुर निवासी सर्वजीत सिंह का कहना है कि बाहर जाने वाले लोग बसों के सीधे निकल जाने से इंतजार करते रह जाते हैं। बस स्टैंड न होने से नगर में जसपुर तिराहे पर खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है। इससे दुर्घटना की भी आशंका बनी रहती है। नगर में बस स्टैंड की स्थापना कराई जानी चाहिए।
नगर निवासी प्रमोद अग्रवाल का कहना है कि बस के संचालन का समय निश्चित न होने से उन्हें समय से पहले पहुंचकर घंटों इंतजार करना पड़ता है। चुनाव के समय नेता वोट मांगने आते हैं, वादे कर जाते हैं और पूरा नहीं करते हैं। नगर में बस स्टैंड बनवाया जाना चाहिए।
बिरला फार्म निवासी उदयपाल सिंह का कहना है कि अक्सर रात को आने वाली बसें सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों को उतारकर निकल जाती हैं। कोई साधन न होने पर उन्हें घर पहुंचने के लिए एक किमी से अधिक पैदल चलना पड़ता है। शीघ्र नगर में बस स्टैंड बनना चाहिए।
परवेज सिद्दीकी का कहना है कि बार- बार जनप्रतिनिधियों सहित विभागीय अधिकारियों से बस स्टैंड की मांग किए जाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। शीघ्र नगर में बस स्टैंड बनवाया जाना चाहिए।
रोडवेज के एआरएम अशोक कुमार का कहना है कि इस संबंध में उनके पास कोई प्रस्ताव नहीं आया है। यदि उन्हें कोई प्रस्ताव मिलता है तो वह शासन को भेज प्रक्रिया शुरू कराएंगे।