नजीबाबाद। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और ठेकेदार के बीच कार्यालय परिसर में जमकर हंगामा हुआ। दोनों ने एक दूसरे पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया है। ठेकेदार ने एफडीआर रिलीज करने के नाम पर खर्चा मांगने, अभद्रता और मारपीट करने की तहरीर दी है।
लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में एक्सईएन कार्यालय में मिर्जापुर सैद निवासी लोनिवि ठेकेदार शहाबुद्दीन किसी काम से गया था। उसकी अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सारस्वत से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और बात हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गई। विभाग के अधिकारियों और वहां मौजूद लोगों ने बीच बचाव कराया।
अधिशासी अभियंता का आरोप है कि टेंडर अनुमोदन से संबंधित एग्रीमेंट का समय निकल चुका था। नोटिस के बावजूद ठेकेदार द्वारा विलंब किया जा रहा था। कहने पर ठेकेदार मारपीट पर उतारू हो गया। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता को जानकारी दी गई है। उधर ठेकेदार शहाबुद्दीन ने अधिशासी अभियंता पर उसकी एफडीआर रिलीज करने के नाम पर उससे खर्चा मांगने, अभद्रता और मारपीट करने की तहरीर दी है। पुलिस ने ठेकेदार की तहरीर मिलने की पुष्टि की है।