हनुमान मंदिर पर चार बाघों के दिखाई देने से दहशत
कालागढ़ (बिजनौर)। कालागढ़ के आबादी क्षेत्र में लगातार बाघों के दिखाई देने का सिलसिला जारी है। हनुमान मंदिर पर एक साथ चार बाघों के दिखाई देने से राहगीरों में दहशत व्याप्त है। वन विभाग ने सूखास्रोत पर गश्ती दल तैनात कर दिया है। वहीं एक बाघ से बाइक सवार पर हमला कर मारने का प्रयास भी किया।
कार्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज के बाघ वनों से निकलकर अब आबादी की ओर रुख कर रहे हैं। केंद्रीय कालोनी के हनुमान मंदिर के निकट एक साथ चार बाघ दिखाई दिए, जिससे राहगीरों में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े दस बजे बाघों के दिखाई देने से मार्ग पर आवागमन भी कम हो गया है, जिससे वहां सन्नाटा पसरा पड़ा है। केंद्रीय कॉलोनी निवासी वीरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि उनके पुत्र पर एक बाघ ने हमला करने का प्रयास किया। उसने अपनी बाइक की गति बढ़ा दी, जिस कारण उसकी जान बच सकी। वहीं कालागढ़ के वनक्षेत्राधिकारी आरके भट्ट ने बताया कि मौके पर गश्ती दल तैनात कर दिया गया है। गश्ती दल बाघों व राहगीरों की सुरक्षा के लिए वनों पर निगाह बनाए हुए हैं।
आबादी क्षेत्र में बाघों के आने से बढ़ी चिंता
कालागढ़ के वनक्षेत्राधिकारी आरके भट्ट का कहना है कि आबादी क्षेत्र में बाघों के आ जाने से चिंता होना स्वाभाविक है। मौके पर सुरक्षा कारणों से गश्ती दल को भेज दिया गया है। यदि किसी को इस क्षेत्र में कहीं भी बाघ नजर आता है तो फौरन गश्ती दल व कार्यालय को सूचित करें।
अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्र है हनुमान मंदिर
कालागढ़ के आवागमन में हनुमान मंदिर का क्षेत्र बहुत संवेदनशील है। वन विभाग ने यहां एक वाटरहोल भी बना रखा है। जिससे वन्यजीवों का यहां अक्सर आना जाना होता है। दूसरे सुरक्षा बैरिया दो व छह भी यही मौजूद है। जिनसे होकर ही कालागढ़ में प्रवेश या निकासी संभव है। इसके अलावा मंदिर आने जाने वाले भक्तों को भी समस्या है। यहां हनुमान मंदिर के अलावा संत रविदास मंदिर, वाल्मीकि ब्रह्मालय आदि मंदिर मौजूद है। साप्ताहिक रविवार व बृहस्पतिवार की पैठ के दौरान यहां से पैदल नागरिकों का आवागमन सांयकाल तक होता रहता है। जो चिंता का विषय है।