धामपुर। स्वामित्व योजना के अंतर्गत धामपुर तहसील क्षेत्र के नहटौर परगने में पहले चरण में 72 गांवों में ड्रोन कैमरे से सर्वेक्षण का कार्य पूरा हो चुका है । दूसरे चरण में स्योहारा परगने के पांच गांवों में ड्रोन कैमरे से सर्वे शुरू हो गया है।
इस दौरान एसडीएम धीरेंद्र सिंह का कहना है कि जिस प्रकार से तहसील में खेती की जमीन की खतौनी के रूप में रिकार्ड होता है। उसी प्रकार से गांवों का रिकॉर्ड भी खतौनी की तर्ज पर घरौनी के रूप में दर्ज होगा। कोई भी व्यक्ति किसी भी स्थान से पोर्टल के माध्यम से अपने गांव की आबादी क्षेत्र को भी खेती की जमीन की तरह से आसानी से देख सकेगा।
इस संबंध में एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्हें प्रक्रिया के अंतर्गत सर्वे कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। एसडीएम को अवगत कराया गया कि इस दौरान नहटौर परगने के 72 गांवों में पहले चरण में ड्रोन कैमरे से सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। अब स्योहारा परगने के गांवों में सर्वे शुरू कर दिया गया है। इस मौके पर तहसीलदार आरसी चौहान भी मौजूद रहे।