दो बैंक प्रबंधकों पर मामला दर्ज करने के आदेश
बिजनौर। सीजेएम दिलीप कुमार सचान ने एक महिला के खाते से एक लाख रुपये गलत तौर से निकलाने के मामले में एक्सिस बैंक धामपुर एवं बैंक ऑफ बड़ौदा नगीना के शाखा प्रबंधकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी विवेचना करने के आदेश थाना धामपुर को दिए हैं।
कस्बा नगीना के मोहल्ला मंझलैटा निवासी अनीता शर्मा ने सीजेएम न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में कहा था कि वह नगीना के दयानंद वैदिक कन्या इंटर कॉलेज में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। अनीता के अधिवक्ता अमित कुमार चौहान के अनुसार अनीता शर्मा ने वर्ष 2015 में एक्सिस बैंक की धामपुर शाखा से तीन लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया था। तत्कालीन शाखा प्रबंधक ने उसका सेविंग अकाउंट भी खुलवाया था और कहा था कि इसी सेविंग अकाउंट से लोन की किस्त जमा होगी। लोन के समय उसका सैलरी वाला खाता, जो बैंक ऑफ बड़ौदा नगीना में है। पीडीसी के रूप में तीन-चार कोरे चेकों पर उसके हस्ताक्षर कर एक्सिस बैंक के मैनेजर ने अपने पास रख लिए थे। उसने अपना पर्सनल लोन वर्ष 2017 में ही जमा कर दिया था। इसके बाद एक्सिस बैंक ने उसका लोन खाता बंद कर दिया था, जो आज भी बंद है। उसके बैंक ऑफ बड़ौदा के सैलरी वाले खाते से एक लाख रुपये की धनराशि अचानक ही निकल गई। इस पर उसने बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से पता किया तो उसे बताया गया कि एक्सिस बैंक धामपुर ने उसके पीडीसी वाले चैक का दुरुपयोग कर उसके खाते से एक लाख रुपये की धनराशि निकाली है। जब अनीता ने एक्सिस बैंक से गलत तौर से इस राशि को निकालने के बारे में पूछा तो उन्होंने कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। सीजेएम ने इस मामले में दोनों बैंकों के शाखा प्रबंधकों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उसकी विवेचना करने के आदेश धामपुर थाना पुलिस को दिए हैं।