कोरोनारोधी टीका लगवाने वालों को ही मिलेगा राशन
धामपुर। एसडीएम विजय वर्धन तोमर ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे तीन दिन के अंदर अपने क्षेत्रों में यह सर्वे कर लें कि उनके क्षेत्र में कितने लोग कोरोनारोधी वैक्सीनेशन से वंचित हैं। इसके बाद ऐसे सभी लोगों का कोरोनारोधी वैक्सीनेशन कराया जाएगा। राशन डीलरों को उन्होंने निर्देश दिए कि वे उन्हीं लोगों को राशन वितरण करें, जिन्होंने कोरोनारोधी टीके लगवा लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अब कोई भी व्यक्ति कोरोनारोधी वैक्सीनशेन से वंचित नहीं कर सकता है। इस कार्य के लिए सभी स्कूलों के शिक्षक, प्रधान, सचिव, लेखपाल, राशन डीलर, बीएलओ लगाए गए हैं। सभी की टीमों का गठन कर दिया गया है। सभी को बता दिया गया कि वे अपने क्षेत्र में भ्रमण कर सर्वे कर लें कि उनके क्षेत्र का कोई व्यक्ति कोरोनारोधी वैक्सीनशेन से रह तो नहीं गया। ऐसे लोगों के नामों की सूची तैयार कर तीन दिन के भीतर उन्हें सौंप दें। राशन डीलरों को साफ कह दिया कि वे राशन उन्हीं लोगों को दें, जो अपना वैक्सीनेशन का कार्ड दिखा दें। यदि वह कार्ड नहीं दिखाते हैं तो उन्हें राशन न दिया जाए। बताया कि जिले का कोरोनारोधी वैक्सीनेशन 67 प्रतिशत हुआ है। इसे तीन दिन भीतर 99 प्रतिशत पर ले जाना है। इस मौके पर तहसीलदार आरसी चौहान, नायब तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।