11 जनवरी को 27 अस्पतालों में फिर होगा पूर्वाभ्यास
बिजनौर। कोरोना वैक्सीन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसे लेकर जिला प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग के अफसर कर्मचारी तैयारियां पूरी करने में जुटे हैं।
शासन के निर्देश पर जिले में एक बार फिर से कोवैक्सीन का मॉक ड्रिल कराया जाएगा। पहले यह जिला अस्पताल सहित छह सरकारी अस्पतालों में 12 सेशन में कराया गया। अब यह 27 स्थानों पर 51 सेशन में होगा। टीकाकरण की निगरानी के लिए ब्लॉकवार नोडल अधिकारी बना दिये गए हैं।
हर कोई कोवैक्सीन आने की प्रतीक्षा कर रहा है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा है। हालांकि एक बार ड्राई रन (पूर्वाभ्यास) कराया जा चुका है। शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय में मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर जिले के सभी सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकों और अन्य पैरा मेडिकल स्टाफ की ट्रेनिंग कराई गई। शनिवार को पुलिसकर्मियों को इसके लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. अशोक कुमार के अनुसार 11 जनवरी को होने वाला मॉक ड्रिल जिला अस्पताल सहित जिले के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कोवैक्सीन का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। पहले यह 12 सेशन में छह अस्पतालों में कराया गया था। अब यह 27 जगह पर 51 सेशन में होगा।
इसके लिए ब्लॉकवार नोडल अधिकारी बनाये गए हैं। एक बार में 15 लोगों का टीकाकरण दर्शाया जाएगा। एक टीम में पांच कर्मचारी शामिल रहेंगे। इनमें तीन स्वास्थ्य कर्मी और दो पुलिसकर्मी शामिल किया गया है।