जलालाबाद/नजीबाबाद। गांव मोचीपुरा के पास दुर्घटना में बाइक सवार एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक के दो संबंधी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बिलाल कम्युनिकेशन परिवार के वृद्ध हबीब अहमद (70) अपने संबंधी हर्सवाड़ा निवासी अमीर हसन और 11 वर्षीय साजिद के साथ बाइक से गांव गाजीपुर शादी समारोह में गए थे। लौटते समय गांव मोचीपुरा के निकट अचानक उनकी बाइक बिजनौर दिशा में जा रही कोटद्वार की बस की चपेट में आ गई। दुर्घटना में हबीब अहमद, अमीर हसन और किशोर साजिद को गंभीर चोटें आईं। संयोग से विधायक हाजी तसलीम अहमद पीछे शादी समारोह से ही लौट रहे थे, उन्होंने तत्काल घायलों को पूजा नर्सिंग होम पहुंचाया और परिजनों को घटना की सूचना दी।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने हबीब अहमद को मृत घोषित कर दिया। 11 वर्षीय किशोर साजिद के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि स्कूटी चला रहे अमीर हसन भी दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हुए। मार्ग दुर्घटना के घायलों का नगर के प्राइवेट नर्सिंग होम में उपचार चल रहा है।