बिजनौर। बढ़ती सर्दी ने पुराने दर्द और गठिया से पीड़ित मरीजों की समस्या बढ़ा दी है। सर्दी बढ़ने पर मेडिकल अस्पताल में इस समस्या के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई। हड्डी विभाग की ओपीडी में ठंड से परेशान करीब 70 मरीज तक पहुंच रहे हैं।
मेडिकल अस्पताल के हड्डी विभाग में रोजाना 150 से 200 मरीज तक पहुंच रहे हैं। इनमें से करीब 70 मरीज ऐसे हैं, जिनका सर्दी बढ़ने पर पुराना दर्द उभर रहा है। इसके अलावा ऑस्टियो आर्थराइटिस (गठिया) से ग्रसित मरीज भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि इस बीमारी में जोड़ों में इन्फ्लमैशन बढ़ जाता है। हड्डियों के सिरों पर मौजूद सुरक्षा कवच क्षीण होने लगता है। इसी वजह से घुटने, पीठ के जोड़ों में दर्द हो रहा है। चिकित्सक मरीजों को सर्दी से बचाव करने की सलाह दे रहे हैं। इन दिनों ठंडी चीजों का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। डॉ. अतुल यादव ने बताया कि गठिया और पुराने दर्द से आराम पाने के लिए जरूरी है गर्म कपड़े पहनें और घर में ही रहें। साथ ही गर्म चीजों का सेवन करें।
सर्दी बढ़ने पर गठिया और पुराने दर्द से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़ी है। दवाई खाने के बाद ही मरीजों को दर्द से आराम मिल रहा है। साथ ही ठंड से बचाव करें।-डॉ. अतुल यादव, हड्डी रोग विशेषज्ञ, मेडिकल अस्पताल, बिजनौर