धामपुर में एसडीएम विजय वर्धन तोमर से संपर्क कर धान क्रय केंदों को चालू कराने की मांग करते भाकियू ?
- फोटो : DHAMPUR
धान की नियमित खरीद नहीं हुई तो अधिकारियों को बनाएंगे बंधक
धामपुर। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने धान की खरीद न होने से रोष जताया है। एसडीएम से तहसील क्षेत्र में धान की तोल शुरू कराने की मांग की है।
तहसील अध्यक्ष राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता मंगलवार को एसडीएम विजय वर्धन तोमर से मिले। बताया कि धामपुर तहसील क्षेत्र में अभी तक धान की तोल शुरू नहीं हो सकी है। एक दो क्रय केंद्र पर शुरू हुई तो वह किसानों का घटिया धान बता कर परेशान किया जा रहा है। किसानों ने कहा कि क्रय केंद्रों पर नियमित तौर पर धान की खरीद नहीं हुई तो अधिकारियों को बंधक बनाकर आंदोलन होगा। किसानों का कहना है कि धान की फसल बेच कर बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए गरम कपडे़, लिहाफ आदि की खरीद करनी है। गन्ने का भुगतान भी मिल नहीं रहा है।
इस मामले में एसडीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता की और हिदायत दी कि वे निरंतर तोल करें। नहीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। एसडीएम से मिलने वालों में धामपुर के ब्लाक अध्यक्ष दुष्यंत राणा, कविराज सिंह, दर्शन सिंह फौजी, भूपेंद्र सिंह, रनजीत सिंह, मुख्तियार सिंह आदि रहे।