बिजनौर में जीआईजी में यूपी बोर्ड के प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखने के लिए दिशा निर्देश देते डीएम ?
- फोटो : BIJNOR
अफसरों ने प्रश्न पत्रों की सुरक्षा का लिया जायजा
बिजनौर। प्रदेश के कुछ जिलों में पेपर लीक होने के बाद अपने जिले में पुलिस-प्रशासन चौकन्ना हो गया है। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा का जायजा लेने का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। अफसरों ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जरूरी दिशा निर्देश दिए।
शुक्रवार को डीएम उमेश मिश्रा और एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह का काफिला वैदिक कन्या इंटर कॉलेज तथा बिजनौर इंटर कॉलेज पहुंचा। यहां प्रश्न पत्रों को सुरक्षित रखने के लिए स्थापित सीलिंग एवं पैकिंग तथा सीसीटीवी मॉनिटरिंग कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूलों के प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक एवं स्टैटिक्स मजिस्ट्रेट के सम्मुख प्रश्न पत्रों का मुआयना करने के लिए प्रश्न पत्र रखे जाने वाली सील्ड अलमारी को खुलवा कर देखा। वहीं विभिन्न विषयों पर आधारित प्रश्नपत्रों के लिफाफों का अवलोकन किया। निर्देश दिए कि सभी प्रश्न पत्रों को सुरक्षा के निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से रखें। सीलिंग कक्ष में अनावश्यक रूप से स्टाफ का आवागमन नहीं होना चाहिए।
सीलिंग कक्ष में किसी वजह से स्कूल स्टाफ का कोई व्यक्ति प्रवेश करता है तो वहां मौजूद विजिट रजिस्टर में नाम, समय तथा वहां आने के कारण का निश्चित रूप से उल्लेख किया जाए। उन्होंने कक्ष के प्रवेश द्वार पर भी 24 घंटे संचालित रहने वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। जिससे कक्ष में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों और उसके आसपास होने वाली गतिविधियों को रिकॉर्ड किया जा सके। इस अवसर पर एएसपी देहात राम अर्ज, डीआईओएस राजेश कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मोहित कुमार के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।।