सरकारी जमीन बताकर दर्ज कराई आपत्ति
हरेवली। हरेवली में शिकायत पर जमीन की पैमाइश करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम के पहुंचने पर संबंधित जमीन को सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने सरकारी जमीन बताकर आपत्ति दर्ज कराई है। राजस्व विभाग की टीम को बिना पैमाइश कराए ही लौटना पड़ा।
सुरजानगर निवासी शाहिद हुसैन ने शनिवार को थाना समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने एक साल पहले हरेवली निवासी जमील अहमद से एक बीघा भूमि खरीदी थी, जिस पर कब्जा नहीं हो पाया है। जब राजस्व विभाग की टीम समस्या का निदान कराने को गांव में पहुंची और वहां पर पैमाइश करने का प्रयास करने लगी तो सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने विरोध कर दिया। सिंचाई विभाग के जिलेदार अरुण कुमार त्यागी का कहना है कि राजस्व विभाग की टीम जिस जमीन की पैमाइश करने का प्रयास कर रही है, वह जमीन सिंचाई विभाग की है।
बताया गया कि इस मामले की शिकायत सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारियों से की गई है। उधर, तहसीलदार रमेश चंद चौहान का कहना है कि राजस्व विभाग की टीम जांच करने के लिए गई थी। पैमाइश बाद में की जाएगी। फिलहाल जांचकर टीम वापस आ गई है। अधिकारियों को उनके स्तर से रिपोर्ट से अवगत कराया जा रहा है।