अस्पतालों में कोरोना के अब मात्र 70 मरीज
बिजनौर। कोरोना की दूसरी लहर जिले में अब मंद पड़ती नजर आ रही है। कम से कम आंकड़े तो इसी बात की गवाही दे रहे हैं। अब जिले के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में बने कोविड वार्डों में अब मात्र 70 कोरोना रोगी ही भर्ती रह गए हैं। जबकि 228 बेड खाली हो गए हैं। रिकवरी रेट 93 प्रतिशत पहुंच गया है।
जिले में एल-2 श्रेणी सुविधायुक्त सरकारी और निजी अस्पतालों में 298 बेड हैं। इनमें से अब 70 बेड पर ही मरीज हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। वहीं, एक्टिव केस की बात करें तो रविवार तक यह संख्या करीब एक हजार थी, जिसके अब और नीचे जाने की बात की जा रही है। ऐसा पूरे डेढ़ माह बाद हुआ है। एक समय यह संख्या पांच हजार से ज्यादा पहुंच गई थी। हालांकि अगले दस दिन को कोरोना नियंत्रण में लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ये आंकड़े राहत देने वाले हैं, लेकिन इनका मतलब यह नहीं है कि हम फिर से लापरवाह हो जाएं। हमारी जरा सी लापरवाही सारी मेहनत पर पानी फेर सकती है और हालत फिर से बिगड़ सकती है। इसलिए दो गज की दूरी और मास्क जरूरी वाले नियम का पालन करें। बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और हो सके तो भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में न जाएं।
रिकवरी रेट में भी हो रहा सुधार
जिले में लगातार रिकवरी रेट बढ़ रहा है। अब रिकवरी रेट 93 प्रतिशत पर पहुंच गया है। कोविड कमांड सेंटर में कार्यरत चिकित्सकों की टीम द्वारा टेली काउंसलिंग एवं मेडिकल से संबंधित सभी प्रकार की समस्याओं का अनुश्रवण करते हुए मरीजों को परामर्श दिया जा रहा है। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने बताया कि कोविड कमांड सेंटर के माध्यम से जरूरतमंदों को बेड, ऑक्सीजन, टीकाकरण संबंधी सभी जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस समय रिकवरी रेट बढ़कर 93 फीसदी पर पहुंच गया है, जो कि निरंतर बढ़ रहा है। कुल पॉजिटिव केस 14 हजार 312 जिसमें से आज तक 13153 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। इस प्रकार रविवार की रात तक कुल सक्रिय केस 909 हैं।
एक प्रतिशत से भी नीचे पहुंची संक्रमण दर
जिले में संक्रमण दर घटकर एक प्रतिशत से भी नीचे पहुंच गई है। लगभग 15 दिन पहले तक कोरोना संक्रमण 15 से बीस प्रतिशत तक पहुंच गई थी। 26 अप्रैल से दस मई तक कोरोना पीक पर रहा। तब हालात बिगड़ने लगे थे, लेकिन अब धीरे-धीरे इसमें सुधार हो रहा है, जिससे अब हालात संभलने लगे हैं। सोमवार को कुल 4221 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 संक्रमित मरीज मिले हैं।
अगले दस दिन महत्वपूर्ण हैं, उम्मीद है कि इस समय में जिले में कोरोना अधिकांश नियंत्रण में आ जाएगा। इसके लिए निगरानी समिति, सर्वे, मेडिकल किट वितरण चल रहा है। रिकवरी रेट सुधरा है और संक्रमण दर बहुत घट गई है - विक्रमादित्य सिंह मलिक, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम सदर।