नहीं मिला एक भी कोरोना संक्रमित मरीज
बिजनौर। मंगलवार का दिन जिलेवासियों के लिए राहत भरा रहा। नौ माह बीतने के बाद पहली बार जिले में एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला। मंगलवार को प्राप्त हुईं करीब 2067 जांच रिपोर्ट सभी नेगेटिव आईं। इससे स्वास्थ्य अफसरों ने राहत की सांस ली।
मंगलवार को लगभग नौ माह बाद जनपद में पहली बार एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुसार जिले में सबसे पहला कोरोना पॉजिटिव मरीज 13 अप्रैल को स्योहारा थाने के गांव मेवा नवादा में मिला था। इसी गांव का रहने वाला यह युवा जमाती अपने गांव और आसपास के गांवों में दूध खरीदने और बेचने का काम करता था। यह सात अप्रैल को दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन मरकज में हुए जलसे में शामिल होकर लौटा था। सीएमओ ने बताया कि अब तक जिले से कुल दो लाख 99 हजार 126 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से कुल दो लाख 98 हजार 203 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। इनमें से लगभग 4365 लोग कोरोना पॉजिटिव और करीब दो लाख 93 हजार 838 जांच रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी हैं। वर्तमान में लगभग 923 जांच रिपोर्ट लंबित हैं। अब तक लगभग 4264 लोगों ने बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता के बल पर कोरोना को हराया है। अब तक कोरोना से कुल 63 लोगों की मौत हुई हैं और 38 सक्रिय उपचाराधीन केस हैं।