एनएचएम कर्मचारियों का धरना जारी
बिजनौर। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के सदस्यों का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से मंगलवार को भी करीब दस हजार डोज कम लग पाई थीं। बुधवार को भी टीकाकरण प्रभावित रहा।
नियमितिकरण सहित अनेक मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को भी कार्य बहिष्कार करते हुए सीएमओ कार्यालय में धरना दिया। जिलामंत्री रोबिन कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को संगठन प्रतिनिधिमंडल को सीडीओ द्वारा वार्ता के लिए बुलाया गया था लेकिन किसी कारणवश वार्ता नहीं हो पाई। रोबिन कुमार के अनुसार धरने में निर्णय लिया गया है कि अस्पताल या ब्लॉक में कोई संविदा कर्मचारी कार्य करता मिल तो उस पर 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा बृहस्पतिवार को धरने में आशाओं व आशा संगनियों को भी आमंत्रित किया गया है। नवंबर तक का मानदेय इसी माह देने की मांग की गई। वहीं हड़ताल से टीकाकरण प्रभावित हो रहा है। कुछ जगह पर डीफार्मा इंटर्नशिप करने वालों को लगाया गया। टीकाकरण के नोडल अधिकारी डॉ.अशोक कुमार ने बताया कि व्यवस्था बनाकर टीकाकरण कराया जा रहा है। इस दौरान डॉ.संजय, पूनम रानी, डॉ.गौरव, डॉ.शहला अंसारी, डॉ.श्वेता, लुबना, रोहित रावता आबिदा आदि मौजूद रहे।