नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम को मिलेंगे दस कोच
बिजनौर। नेहरू स्टेडियम में बिना गुरु के ज्ञान ले रहे खिलाड़ियों को अब शीघ्र ही कोच मिलने वाले हैं। अफसरों की मानें तो शासन को दस कोच उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इस माह के अंत तक इन कोच के मिलने की संभावना है।
जिला मुख्यालय पर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम एथलेटिक्स के स्थायी कोच व प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी के सहारे चल रहा है। अपना भविष्य संवारने के लिए खिलाड़ी रोजना सुबह शाम स्टेडियम में आते हैं। फिलहाल स्थिति ये है कि खिलाड़ी बिना गुरु के ही एकलव्य बनने की कोशिश कर रहे हैं। इसका कारण है स्टेडियम में कोच न होना। हर साल दस महीने के लिए विभिन्न खेलों के कोच संविदा पर रखे जाते हैं। इस बार कोरोना महामारी के कारण 24 मार्च से लेकर 24 सितंबर तक स्टेडियम में खेल गतिविधियों पर रोक लगा दी गई थी। 25 सितंबर को स्टेडियम तो खुल गया, लेकिन अभी तक कोच की उपलब्धता नहीं हो पाई थी। अब जल्द ही स्टेडियम को कोच मिलेंगे। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह के अनुसार खिलाड़ियों की मांग पर उन्होंने हॉकी, क्रिकेट, बॉस्केट बाल, वॉलीबाल, कबड्डी, खो खो, फुटबाल, कुश्ती, बैडमिंटन, शूटिंग आदि के कोच के लिए शासन को मांग पत्र भेजा है। इस माह के अंत तक कोच मिलने की उम्मीद है।