बिजनौर में ऑल टीचर्स एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन ने शिक्षकों और कर्मचारियों ने न्यू पेंशन स्कीम की अर्थी निकाली। कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम सदर को मांगपत्र सौंपा।
अटेवा के प्रांतीय संगठन के आह्वान पर अटेवा के प्रदेश संगठन मंत्री चंद्रास, जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार, जिला महामंत्री करतार सिंह के नेतृत्व में शिक्षक व विभिन्न विभागों के कर्मचारी प्रदर्शनी मैदान में एकत्रित हुए। वहां पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने पुरानी पेंशन बहाली को अपना हक बताया। इसके बाद शासन द्वारा शुरू की गई न्यू पेंशन स्कीम की अर्थी नगर में निकाली गई।
शिक्षक व कर्मचारी जुलूस के रूप में जजी चौराहा, शास्त्री चौराहा, सिविल लाइन, मुख्य डाकघर चौराहे होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां पर प्रधानमंत्री के नाम एक सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम सदर को सौंपा गया। पत्र में एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों व कर्मचारियों को पुरानी पेंशन से जोड़ने की मांग की गई है। न्यू पेंशन स्कीम को तत्काल बंद करने को कहा गया है।
इस मौके पर राज्य कर्मचारी परिषद के योगेंद्र सिंह, आर के तरानिया, टीकम सिंह सेंगर, जूनियर शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुधीर यादव, गजेंद्र शर्मा, डॉ. मितलेश, मिनिस्ट्रीयल आफिसर्स एसोसिएशन के हरि सिंह, सतीश वर्मा, शूरवीर सिंह, जयदीप मलिक, लोकेंद्र रवि, शहजाद, सहदेव सार्थी सहित काफी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।