मोहल्ला छापेग्रान निवासी रहीमुद्दीन की पुत्री फरहा का निकाह पांच वर्ष पूर्व नगीना थाना क्षेत्र के गांव बदल्लोपुर मठेरी निवासी सलमान पुत्र अब्दुल करीमुद्दीन से हुआ था।
आरोप है ससुराल वाले दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करते रहते थे। इसके चलते वह दो वर्षों से अपने तीन वर्षीय बेटे को लेकर मायके में रह रही थी। उसका पति सलमान पूना में रहकर काम कर रहा था और उसके घर आता जाता रहता था।
बताया गया कि फरहा की छोटी बहन नेहा का निकाह था। इसमें शिरकत करने के लिए सलमान भी आया था। रात में सलमान ने फरहा की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद हत्यारे पति ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। सीओ भरत सोनकर और कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
वहीं, आरोपी ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि वह पत्नी की हत्या करके आया है। वहीं वजह पूछने पर पत्नी के स्थानीय युवक से प्रेम संबंध होने और बहन की शादी में जेवर बेचकर खर्चा करने पर हत्या करने की बात कही है।
कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर फरहा के पति सलमान, जेठ जाहिद, जेठानी फरजाना, नन्द हसबुन्निशा व बहनोई सईद अहमद के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।