हीमपुरदीपा क्षेत्र के ग्राम रतनपुर खुर्द में बैठक करते ग्रामीण।
- फोटो : BIJNOR
देवस्थान के रास्ते का विवाद गरमाया
हीमपुर दीपा। रतनपुर खुर्द गांव में देवस्थान के रास्ते को खुलवाने के संबंध में ग्रामीणों की बैठक हुई। जिसमें निर्णय लिया गया कि एक प्रतिनिधिमंडल दो माह बाद मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री के समक्ष मामले की शिकायत करेगा।
हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर खुर्द में देव स्थान है, जिसके पास सरकारी ट्यूबवेल भी बना है। देवता स्थान तक जाने के लिए सभी ग्रामवासी सरकारी ट्यूबवेल की नाली का उपयोग करते चले आ रहे हैं। आरोप है कि एक व्यक्ति ने सरकारी नाली को अपने जोत की जमीन में मिलाकर दीवार खड़ी कर दी है। इसकी शिकायत 10 माह पूर्व डीएम से की गई थी। इसमें एसडीएम चांदपुर ने कानूनगो और लेखपाल से मौका मुआयना कर रिपोर्ट मांगी थी। आरोप है कि दीवार बनाने वाले ने उल्टा पांच ग्रामीणों पर ही दीवार तोड़ने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के संबंध में मुंसफी चांदपुर में मुकदमा कर दिया। ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी तो एसडीएम चांदपुर और तहसीलदार ने समस्या के समाधान का आश्वासन देकर लोगों शांत कर दिया था। लेकिन आज तक भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। बैठक में भूपेंद्र सिंह, ब्रजपाल सिंह, रविपाल, हरपाल सिंह, वेगराज सिंह, ईश्वर सिंह, चंद्रपाल सिंह, सुरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।