नूरपुर। विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर लाल बहादुर सिंह स्मारक महाविद्यालय के फार्मेसी विभाग में गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में वक्ताओं ने फार्मेसिस्ट के कार्य और स्वास्थ्य विभाग में उनका महत्व के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अध्यक्ष कुंवर रवेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान मुख्य अतिथि जेएन मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी और ब्लड बैंक के विभागाध्यक्ष डा. सुहेलुर्रहमान ने कहा कि मेडिकल के क्षेत्र में फार्मेसिस्ट की काफी अहमियत है। एक फार्मेसिस्ट न केवल नई दवाइयों पर रिसर्च करता है, बल्कि चिकित्सक को उससे परिचित भी कराता है। बड़े मेडिकल कॉलेजों के साथ दवा कंपनियों में भी फार्मेसिस्ट की मांग बढ़ी है। न्यूरो चिकित्सक डा. संजीव कुमार ने कहा कि अच्छे फार्मेसिस्ट के लिए अवसरों की कमी नहीं है। बिना फार्मेसिस्ट के एक कुशल चिकित्सक भी अच्छी सेवाएं नहीं दे सकता। उन्होंने फार्मेसी के छात्रों से लगन के साथ पढ़ाई कर समाज सेवा में आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में फार्मेसी के छात्र अदनान, उजाला परवीन, शिवचरण गुप्ता, अभिषेक मिश्रा, राजमीणा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम को आरके गुप्ता, उदयराज सिंह, डा. सोरन सिंह, सुरेंद्र सिंह, इंद्रपाल सिंह, धर्मेंद्र कुमार ने संबोधित किया। संचालन गजवीर चौधरी व फार्मेसी के विभागाध्यक्ष डा. धनंजय सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई
बिजनौर। बीफार्मा और डीफार्मा के छात्रों के बीच पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। डीफार्मा प्रथम वर्ष के छात्र कृष्ण मुरारी ने प्रथम सुरेंद्र ने द्वितीय एवं गौरव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। डीफार्मा द्वितीय वर्ष में शिवचरण गुप्ता प्रथम, शैलेंद्र द्वितीय, व अविनाश तृतीय स्थान पर रहे। बीफार्मा प्रथम वर्ष में आयुषी चौहान ने प्रथम, सुरभि ने द्वितीय व प्रियांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजयी छात्रों को प्रबंध निदेशक आलोक कुमार और अध्यक्ष रवेंद्र सिंह ने सम्मानित किया।