संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात/ बिजनौर। पीएचसी कोतवाली देहात में तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारी सर्वेश निराला ने डिप्टी सीएमओ पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। चिकित्सक ने डिप्टी सीएमओ पर एससी एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
पीएचसी कोतवाली देहात में तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारी सर्वेश निराला का तबादला सीएमओ ने सीएचसी अफजलगढ़ कर दिया है। इसके बाद डॉ. सर्वेश ने पत्र भेजकर सीएमओ से स्थानांतरण का कारण पूछा है। यह पत्र सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पत्र में उन्होंने अपनी उपलब्धि भी गिनाई। उन्होंने डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने इस पत्र की प्रतिलिपि नगीना सांसद चंद्रशेखर, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग, डीएम और एसपी को भी भेजी है।
साथ ही सीओ नगीना को पत्र भेजकर डिप्टी सीएमओ के विरुद्ध एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इस संबंध में डॉ. राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा का कहना है कि उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार है। ऑनलाइन मीटिंग में उन्होंने ही सभी के साथ गलत व्यवहार किया है।