संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। ग्राम अमीनाबाद में किसान पाठशाला में उप कृषि निदेशक गिरीश चंद ने किसानों को रबी फसलों की बुवाई, उन्नत बीज का चयन आदि की जानकारी दी। कहा कि किसान देरी से गेहूं बुवाई में पछेता उन्नत बीज का प्रयोग करें, जिससे उत्पादन सही रहेगी।
बृहस्पतिवार को आयोजित किसान पाठशाला में उन्होंने किसानों से कहा कि गन्ना व अन्य फसलों के अवशेष में वेस्ट-डी-कम्पोजर का प्रयोग से गलाकर खाद के रूप में प्रयोग करें। इसे जलाएं नहीं, जिससे भूमि में मृदा कार्बन अंश की वृद्धि होगी। किसान पाठशाला में उपस्थित कृषकों को फार्मर रजिस्ट्री के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए भूलेख अंकन, ई-केवाईसी पूर्ण कराने तथा डबल पंजीकरण के संबंध में आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए आग्रह किया गया। विषय वस्तु विशेषज्ञ हरज्ञान सिंह ने किसानों को कृषि विभाग में चल रही योजनाओं की विस्तृत रूप से जानकारी दी।
रबी बीजों पर देय अनुदान के विषय में भी जानकारी दी। पाठशाला में हरज्ञान सिंह विषय वस्तु विशेषज्ञ, अमोल तोमर सहायक विकास अधिकारी (कृषि), सुभाष सिंह, प्रगतिशील किसान राहुल कुमार आदि मौजूद रहे।