बिजनौर। महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की हेमेटोलॉजी विभाग को एम्स दिल्ली ने ईक्यूएएस प्रमाण पत्र दिया है। जांच में पैथोलॉजी के परिणाम सटीक निकले।
मेडिकल कॉलेज के हेमेटोलॉजी (रक्त जांच) विभाग ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली की ओर से संचालित एक्सटर्नल क्वालिटी एश्योरेंस प्रोग्राम (ईक्यूएएस) को सफलतापूर्वक पास कर लिया है। एम्स से जारी रिपोर्ट में मेडिकल कॉलेज की पैथोलॉजी लैब के परिणामों को सही बताया है। एम्स दिल्ली की ओर से कुछ आज्ञा सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनकी जांच रिपोर्ट विभाग के अधिकारियों ने पोर्टल पर अपलोड की। रिपोर्ट मानक के अनुरूप मिलने पर परिणाम सही बताया। इससे साफ जाहिर है कि मेडिकल कॉलेज की लैब में होने वाली खून की जांच के परिणाम पूरी तरह सटीक हैं।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. तुहीन वशिष्ठ ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बिना किसी त्रुटि के विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। मरीज को रिपोर्ट की सत्यता जानने के लिए निजी लैब से जांच करने की जरूरत नहीं है।