कादराबाद। गांव हिदायतपुर में खेत में गन्ना छील रहे मजदूरों के सामने गुलदार आ खड़ा हुआ। गुलदार को अपने नजदीक ओर हमले का प्रयास करते देख मजदूर शोर मचाते भाग निकले।
शनिवार की सुबह गांव निवासी राजेंद्र सिंह के गन्ने के खेत में श्रमिक गन्ना छील रहे थे। इसी दौरान एक गुलदार ने खेत से निकल कर मजदूरों पर हमले का प्रयास किया। गुलदार को हमलावर होता देख मजदूर काम छोड़कर भाग खड़े हुए। इस बीच शोर मचने पर गुलदार फिर से गन्ने के खेत मे जा घुसा। किसानों ने वन विभाग कर्मियों को खेत में गुलदार होने की जानकारी दी। खेत स्वामी राजेंद्र सिंह, मोहित, रितिक, गिरवर, डालचंद आदि का कहना है की कई दिन से गुलदार रोजाना दिखाई दे रहा है। ग्रामीण खेतों पर जाने से घबरा रहे हैं। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से शीघ्र गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। रेंजर प्रदीप शर्मा का कहना है कि मौके पर वन कर्मियों की टीम भेजी जा रही है। शीघ्र ही मौका मुआयना कर पिंजरा लगवाया जाएगा। संवाद