कौड़िया वन रेंज में पड़ा नर गुलदार का शव।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद/बड़िया में वन विभाग के कौड़िया रेंज में करीब डेढ़ वर्षीय नर गुलदार के मृत पाए जाने से वन विभाग में हड़कंप मंच गया। मुरादाबाद बरेली के वन अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर गुलदार के मारे जाने की छानबीन की।
बिजनौर वन प्रभाग नजीबाबाद के कौड़िया वन रेंज के मोहनवाली के कंपार्टमेंट चार में क्षेत्र के एक किसान ने वन विभाग को मृत गाय के पास एक गुलदार मृत पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही कौड़िया वन रेंजर राम गोपाल चौहान टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नर गुलदार के मृत मिलने की सूचना डीएफओ एके मिश्रा ने उच्चाधिकारियों को दी।
बरेली के वन संरक्षक पीपी सिंह, मुरादाबाद के वन संरक्षक आरपी वर्मा, आरवीआई बरेली के अधिकारी मंगलवार को दोपहर घटनास्थल पर पहुंचे। वन अधिकारियों की टीम ने मृत मिले गुलदार का चार पशु चिकित्सकों के पैनल के साथ पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में गुलदार की गर्दन और शरीर पर कई गहरे घाव मिले। पोस्टमार्टम के बाद मृत गुलदार को कौड़िया वन रेंज में ही दफन कर दिया गया।
आपसी द्वंद्व में हुई गुलदार की मौत
नजीबाबाद में वन संरक्षक बरेली और मुरादाबाद ने गुलदार के आपसी द्वंद्व में मारे जाने की संभावना व्यक्त की है। अधिकारियों का कहना है कि किसी ने मृत गाय आबादी से कुछ फासले पर कौड़िया रेंज में फेंकी गई थी। मृत गाय के मांस को खाने में गुलदारों के बीच हुए द्वंद्व से डेढ़ वर्षीय गुलदार की मौत हुई।