महिला स्नानघाट का स्थान चिह्नित, संपर्क मार्गों की सफाई कराई
नांगलसोती/नजीबाबाद। कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर नांगलसोती गंगाघाट पर लगने वाले स्नान मेले की तैयारियां जोरो पर हैं। मेला समिति ने मैदान की जुताई कराकर उसे समतल करा दिया है। इसके अलावा महिला स्नान घाट का चयन कर मेले तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की सफाई कराई है।
नांगलसोती गंगा घाट पर लगने वाला गंगा स्नान का मेला उत्तराखंड के बाद यूपी की सीमा में लगने वाला पहला मेला है, जिसमें स्थानीय क्षेत्र समेत दूरदराज के श्रद्धालु पहुंचते हैं। कोरोना के चलते पिछले दो सालों से मेले का आयोजन नहीं हुआ, लेकिन इस वर्ष मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। लोगों में मेले को लेकर काफी उत्साह है।
नांगलसोती के प्रधान और मेला समिति के संरक्षक मो. फरमान ने बताया कि गंगा घाट पर मेला मैदान को ट्रैक्टर और अन्य उपकरणों के माध्यम से समतल कराया गया है। महिला स्नान घाट का चयन कर मेला समिति ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करा दी है। श्रद्धालुओं की पेयजल सुविधा के लिए 15 हैंडपंप गंगाघाट पर लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के वाहनों को गंगा घाट तक पहुंचाने के लिए मार्ग को समतल कराया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रहेगी गोताखोरों की टीम
नांगलसोती गंगाघाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोताखोरों की टीम रहेगी। गोताखोर टीम का शिविर गंगाघाट के निकट ही रहेगा। मेला अध्यक्ष मुन्ने खां ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुुविधाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग का शिविर, राजस्व विभाग शिविर, मेला समिति का शिविर भी घाट के नजदीक ही लगाया जाएगा। खोया-पाया के लिए मेला चौराहे पर एक शिविर लगाया जाएगा।
17 को होगा स्नान मेले का उद्घाटन
गंगा स्नान मेला समति द्वारा 19 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले दो दिवसीय मेले का उद्घाटन 17 नवंबर को किया जाएगा। मेला समिति के पदाधिकारी मेले का उद्घाटन करेंगे। 17 नवंबर को मेले मेें शिविर, दुकानें और झूले लग जाएंगे।