नकली शराब के लिए बरेली से आ रहे ढक्कन
बिजनौर। जिले में नकली शराब बनाने के लिए ढक्कन की सप्लाई बरेली से की जा रही थी। आबकारी और पुलिस की टीम ने नकली शराब बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके घर से 22,000 से अधिक ढक्कन और चार हजार से अधिक क्यू आर कोड बरामद हुए हैं।
बुधवार को एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने नकली शराब बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किए जाने का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग की टीम ने नूरपुर पुलिस के संग मंगलवार की शाम लेकर मोहल्ला करीबनगर में रिंकू शर्मा पुत्र आशाराम के घर छापा मारा। टीम को रिंकू के मकान में देसी शराब के पव्वे पर इस्तेमाल होने वाले के 22 हजार ढक्कन, मेक डबल ब्रांड के 100 ढक्कन, इंपीरियल ब्लू ब्रांड अंग्रेजी शराब के 130 ढक्कन, करीब चार हजार क्यूआर कोड और आठ देशी शराब के पव्वे नकली क्यूआर कोड लगे मिले। पुलिस ने रिंकू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसकी पत्नी लक्ष्मी, बरेली निवासी साथी रिजवान पुत्र साबिर व धामपुर निवासी राणा मौके से फरार हो गए।
एसपी ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जाएगी। तीन दिन से रेकी कर रहे थे निरीक्षक आबकारी निरीक्षक अभय प्रताप सिंह पिछले दिनों से नूरपुर में डेरा डाले रहे जो कि आरोपी के घर पर लगातार निगाह रखे हुए थे। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों को देखने के बाद नूरपुर पुलिस को संग लेकर छापा मारा।