बिजनौर के शहर कोतवाल लाइन हाजिर
बिजनौर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को भाकियू कार्यकर्ताओं के काले झंडे दिखाने के मामले में शहर कोतवाल राजेश सोलंकी पर गाज गिर गई है। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है। क्राइम ब्रांच की इन्वेस्टिगेशन विंग में तैनात राधेश्याम को शहर कोतवाल बनाया गया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सोमवार को बिजनौर जिले के दौरे पर आए थे। धामपुर में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद उनका काफिला बिजनौर आ रहा था। जलालपुर गांव में भाकियू के कार्यकर्ता उन्हें काले झंडे दिखाने के लिए खड़े थे। जिसके बाद नहटौर से उनके काफिले को नहटौर से फुलसंदा मार्ग होते हुए नगीना मार्ग पर मोड़ दिया। बिजनौर में नगीना मार्ग पर बाईपास चौराहे के पास भाकियू के कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए और उनकी गाड़ी के शीशे पर घूूंसे भी मारे। शहर कोतवाल राजेश सोलंकी भाकियू कार्यकर्ताओं से उलझे भी और उन्हें रोकने का पूरा प्रयास किया।
जहां स्वतंत्र देव सिंह को काले झंडे दिखाए गए वह क्षेत्र भाकियू का गढ़ है। इस इलाके से वाहनों का काफिला किसने निकलवाया, इसका कोई जवाब नहीं दे रहा है। भाजपा नेता इसे प्रशासन की नाकामी बता रहे हैं। खुद प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भाकियू की इस हरकत पर डीएम, एसपी से नाराजगी जताई थी। यह मामला शासन तक पहुंच गया। इस मामले में एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने इस मामले में भाकियू नेताओं से भिड़ने वाले शहर कोतवाल राजेश सोलंकी को लाइन हाजिर कर दिया है।