खो-खो खिलाड़ी और हत्यारोपी की होगी डीएनए जांच
बिजनौर। खो-खो की नेशनल खिलाड़ी हत्याकांड में पुलिस सुबूतों को मजबूत रखने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। तमाम साक्ष्यों को जुटाने के बाद अब वैज्ञानिक तरीके से सुबूत जुटाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मृतका और हत्यारोपी के डीएनए की जांच होगी। मृतका की स्लाइड और नाखून तथा हत्यारोपी के खून का नमूना डीएनए जांच के लिए भेज दिया गया है।
एसआईटी और शहर कोतवाली पुलिस ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ नमूने भेजे हैं। इनमें खो-खो खिलाड़ी की स्लाइड और नाखून का नमूना सुरक्षित किया गया था, जिसे अब डीएनए के लिए भेजा है। वहीं हत्यारोपी खादिम के रक्त का नमूना भी डीएनए जांच के लिए भेजा गया है। जिसके बाद साक्ष्य और भी मजबूत हो जाएंगे। बता दें कि 10 सितंबर को रेलवे स्टेशन के यार्ड में खो-खो की नेशनल खिलाड़ी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। दुष्कर्म में विफल रहने पर आरोपी ने खिलाड़ी को मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्यारोपी आदोपुर के रहने वाले शहजाद उर्फ खादिम को जेल भेज दिया था। उधर, परिवार वाले इस खुलासे संतुष्ट नहीं थे जोकि, सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। सीएम योगी बिजनौर आए थे तो उन्होंने जांच का भरोसा दिलाया था। जिसके चलते डीआईजी शलभ माथुर ने 21 सितंबर को ही एसपी ट्रैफिक मुरादाबाद अशोक कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय स्पेशल जांच टीम का गठन किया था। शुक्रवार को भी स्पेशल जांच टीम में शामिल स्वार रामपुर के सीओ धर्म सिंह बिजनौर में आकर मृतका के परिजनों और हत्यारोपी के परिजनों सहित करीब 60 लोगों से पूछताछ कर चुके हैं। जेल में बंद खादिम से भी एसआईटी ने पूछताछ की थी लेकिन वह कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
वर्जन
हत्यारोपी का ब्लड सैंपल और खोखो खिलाड़ी की स्लाइड और नाखून के नमूनों को डीएनए जांच के लिए भेजा गया है। डीएनए जांच के बाद केस में साक्ष्य और भी मजबूत हो जाएंगे।
- कुलदीप गुप्ता, सीओ सिटी