कारगिल शहीद अशोक को दी श्रद्धांजलि
नूरपुर। कारगिल विजय दिवस पर ग्राम फीना में कारगिल शहीद अशोक कुमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान शहीद स्थल पर पौधरोपण भी किया गया। ग्रामवासियों ने ही शहीद स्थल पर कार्यक्रम का आयोजन कर शहीद को नमन किया।
ग्राम फीना निवासी अशोक कुमार गोरखा रेजीमेंट में नायक के पद पर तैनात थे। कारगिल युद्ध में 13 जुलाई को दुश्मनों से लड़ते हुए वह शहीद हो गए थे। उनकी याद में ग्राम फीना में बेलबाबा चौराहे पर एक शहीद पार्क का निर्माण किया गया। इसमें उनकी प्रतिमा लगी है।
रविवार को कारगिल विजय दिवस पर शहीद पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान पति मनोज राजपूत ने कहा कि कारगिल युद्ध में जनपद के एकमात्र शहीद अशोक कुमार की शहादत पर पूरे गांव को गर्व है। उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मनों के छक्के छुड़ा दिए थे। उनकी शहादत से गांव के युवा देशभक्ति की प्रेरणा लेते हैं। इस दौरान शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। पार्क में पौधारोपण किया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान शिवाला कलां थानाध्यक्ष रविंद्र चौधरी, चौकी इंचार्ज एमपी सिंह, गांव कल्याण समिति के अध्यक्ष डा. विकपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
इनसेट
नहीं पहुंचा कोई प्रशासनिक अधिकारी
हमेशा की तरह इस वर्ष भी शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रशासन से कोई अधिकारी नही पहुंचा। शहीद के पिता लक्ष्मण सिंह ने बताया कि बेटे की शहादत पर उन्हें गर्व है, लेकिन प्रशासन द्वारा उनके बेटे की शहादत को भुला दिया गया है। उन्हें इस बात का दुख होता है कि देश के लिए जाने देने वाले के परिवार की सुध लेने वाला कोई नहीं है। कारगिल विजय दिवस के मौके पर भी कोई अधिकारी नहीं आता।
नूरपुर के ग्राम फीना में कारगिल शहीद अशोक की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते ग्रामवासी।- फोटो : BIJNOR
प्रधान रुबी दानिश।- फोटो : BIJNOR