बिजनौर/नजीबाबाद। कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों का सुरक्षित गलियारा मुहैया कराने के लिहाज से जिले में ट्रैफिक डायवर्जन प्लान को लागू कर दिया गया है। कांवड़ मार्ग पर पैदल चल रहे शिवभक्तों की संख्या में इजाफा होने की वजह से पुलिस ने यह कदम उठाया है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर शिवभक्तों के वाहनों के अलावा अन्य हल्के और भारी वाहन नहीं गुजर सकेंगे।
भगवान शिव के महापर्व महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। तमाम सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता किया गया है। उधर, हरिद्वार से कांवड़ और गंगाजल लेकर शिवभक्त यूपी में प्रवेश कर अपनी मंजिल की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। यूपी बॉर्डर के भागूवाला में कांवड़ यात्रा मार्ग के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैैं। 18 फरवरी से रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया। पुलिस प्रशासन की ओर से कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए चौराहों, तिराहों और मार्गाें पर बल्ली व बैरिकेडिंग लगाकर भारी वाहनों का आवागमन बंद कराया दिया है। रूट डायवर्जन प्लान 27 फरवरी तक लागू रहेगा।
- यह बनाया गया डायवर्जन का प्लान
- बिजनौर से हरिद्वार जाने वाले सभी वाहन गंगा बैराज, मोंटी तिराहा मुजफ्फरनगर होते हुए हरिद्वार जाएंगे, मुरादाबाद व काशीपुर की ओर से आने वाले सभी भारी वाहन वाया मुरादाबाद, गजरौला, हापुड़, मेरठ होते हुए जाएंगे और आएंगे, हरिद्वार की ओर से बिजनौर, मुरादाबाद, काशीपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन वाया मुजफ्फरनगर, खतौली, हापुड़ होते हुए आएंगे और जांएगे।
-बिजनौर से हरिद्वार जाने वाले सभी मार्गों, चिड़ियापुर बार्डर से भागूवाला चौकी, वालिया तिराहा से मोटा महादेव मंदिर, नजीबाबाद, नगीना, स्योहारा, सहसपुर और नजीबाबाद से कोतवाली देहात, नहटौर, नूरपुर, शिवाला कलां मार्ग पर कांवड़ियों के वाहनों के अतिरिक्त सभी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
उधर, बिजनौर से हरिद्वार जाने वाले कांवड़ियों के वाहन मंडावर चौराहा, नांगल, भागूवाला होते हुए हरिद्वार जाएंगे।
- रात्रि 12 बजे के बाद चलेंगे जरूरी वस्तुओं के वाहन
कांवड़ यात्रा मार्ग पर आवश्यक वस्तुओं के वाहन रात्रि 12 बजे के बाद ही चल सकेंगे। वाहनों की चलने की समय सीमा रात्रि 12 बजे से तड़के चार बजे तक रहेगी। वाहनों की गति सीमा 30 किमी प्रतिघंटा से अधिक होने पर कार्रवाई की जाएगी।
- बिजनौर में नजीबाबाद मार्ग पर बंद हुआ भारी वाहनों का संचालन
हरिद्वार से नजीबाबाद और नजीबाबाद से नगीना, कोतवाली की ओर कांवड़ियों का आवागमन ज्यादा रहता है। ऐसे में पुलिस नजीबाबाद की तरफ भारी वाहनों की आवाजाही पर अंकुश लगाती है। इसी क्रम में मंगलवार को बिजनौर में सेंट मैरीज चौराहे पर बैरियर लगाकर नजीबाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों का आवागमन बंद किया गया।
- मार्ग पर नहीं रहेगा अंधेरा
इस बार कांवड़ मार्ग पर अंधेरा खत्म करने के लिए पथ प्रकाश की व्यवस्था की गई है। जिला पंचायत की ओर से भागूवाला से लेकर मोटा महादेव तक पथ प्रकाश किया गया है। इसके अलावा नजीबाबाद बुंदकी और नजीबाबाद कोतवाली मार्ग पर जिन जगहों पर अंधेरा रहता था, वहां पथ प्रकाश के इंतजाम किए गए हैं।
- कट कराए गए बंद, श्रवणपुर नहर पर विशेष पहरा
एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया कि कोई सड़क हादसा नहीं होने पाए, इसके लिए हरिद्वार काशीपुर नेशनल हाईवे पर अवैध कट बंद कराए गए हैं। नजीबाबाद के पास श्रवणपुर नहर के पास खास इंतजाम किए गए हैं। क्योंकि पिछली बार तीन शिवभक्त श्रवणपुर के पास नहर में पुल से नीचे गिर गए थे। जिसके चलते अबकी बार नहर पुल पर इंतजाम किए गए हैं।
वर्जन::
रूट डायवर्जन तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। कांवड़ यात्रा मार्गाें पर भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। रूट डायवर्जन को सुचारू रखने के लिए आसपास के जिलों में संपर्क कर लिया गया है। - अभिषेक झा, एसपी बिजनौर
बिजनौर में सेंट मैरी चौराहे पर कांवड यात्रा के लिए बड़े वाहनों के रूट डायवर्ट के लिए लगाया गया