अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए बनेगी संयुक्त टीम
बिजनौर। बार्डर के आर-पार जाकर अपराध करने वाले अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए उत्तराखंड और बिजनौर पुलिस की संयुक्त टीम बनेगी। खासकर शस्त्र और शराब तस्करी रोकने के लिए बार्डर के आर-पार कहीं भी दबिश देने के लिए एक राय बनी, जिसमें उत्तराखंड और बिजनौर की पुलिस को सहयोग करना होगा। यह सहमति दोनों प्रदेशों के प्रशासनिक और पुलिस अफसरों की समन्वय बैठक में बनी।
चुनाव आयोग के निर्देश पर मंगलवार को बरकातपुर चीनी मिल के गेेस्ट हाऊस में हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल और उधमसिंह नगर तथा बिजनौर के अफसरों के बीच समन्वय बैठक हुई। बैठक में डीएम उमेश मिश्रा और एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने चर्चा की। तय हुआ कि सीमा पर संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए नाकेबंदी पर संयुक्त रूप से चेकिंग की जाए। अवैध शराब और अवैध शस्त्रों की तस्करी रोकने की रणनीति पर विचार हुआ।
ग्राम पंचायत और मतदान केन्द्रों पर मतदान के एक दिन पहले ही बॉर्डर सील कर दिए जाएंगे। बॉर्डर और नाकों पर लगने वाले बैरियर पर दोनों प्रदेशों की पुलिस मौजूद रहेगी। इसके अलावा उत्तराखंड के निवासी बिजनौर के अभियोगों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में सहयोग करने के लिए अपराधियों की लिस्ट का आदान प्रदान हुआ। कहा गया कि बिजनौर के अपराधी जो उत्तराखंड में अपराध करते हैं और उत्तराखंड के अपराधी जो बिजनौर में अपराध करते हैं, उन पर सामंजस्य बनाकर कार्रवाई की जाए। बैठक में एएसपी सिटी डा. प्रवीण रंजन सिंह, एएसपी देहात रामअर्ज आदि समेत उत्तराखंड के अधिकारी मौजूद रहे।