महिला अधिकारी के साथ अभद्रता
बेगावाला। ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर मंडावली के राशन डीलर अब्दुल समी पुत्र मोहम्मद सफी के खिलाफ ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व जिला पूर्ति अधिकारी के यहां राशन के गबन और भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत की जांच करने पहुंची महिला जांच अधिकारी के साथ उसके समर्थकों ने बदसलूकी की।
विकास क्षेत्र मोहम्मदपुर देवमल की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर मंडावली एक बड़ी पंचायत है। जिसका राशन डीलर अब्दुल समी है। वह पिछले कई वर्षों से राशन डीलर है। ग्रामीण अनवर, अकबर, इस्लाम, इमरान, गफूर, गजेंद्र और सोमवती आदि ने राशन डीलर पर एक यूनिट राशन पांच किलो की जगह चार किलो राशन देता है। ग्रामीणों ने एक शिकायती पत्र जिलाधिकारी महोदय व जिला पूर्ति अधिकारी के कार्यालय में दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन डीलर कभी भी पूरा राशन नहीं देता। ग्रामीणों की शिकायत पर मंगलवार को एक महिला जांच अधिकारी राशन डीलर के यहां पहुंची। जब उन्होंने राशन डीलर के रजिस्टर मांगे तो उसके समर्थकों ने अधिकारी के साथ बदसलूकी की। एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। टीम गठित कर वहां जांच कराई जाएगी।