बिजनौर में रावली क्षेत्र में कटान करती गंगा।
- फोटो : BIJNOR
रावली में बांध की ओर बढ़ी गंगा, ग्रामीण चिंतित
बेगावाला(बिजनौर)। पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने के कारण गंगा और मैदानी क्षेत्र में बहने वाली नदियों में पानी का स्तर बढ़ने लगा है। गंगा किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। रावली क्षेत्र में गंगा ने बांध का कटान करना शुरू कर दिया है और आबादी की ओर बढ़ रही है। बंदे से गंगा मात्र 20 मीटर दूर ही बह रही है।
अब से पहले गंगा रावली बांध से शुक्रताल की ओर दो किमी दूर थी, लेकिन जैसे-जैसे पेड़ों का कटान हुआ, गंगा रावली आबादी क्षेत्र में बढ़ने लगी। जिस कारण रावली सहित दर्जनभर गांव में गंगा का पानी आ जाता है, जिससे ग्रामीण बहुत परेशान होते हैं और उनको ऊंचे स्थानों पर जाकर रहना पड़ता है। अभी कुछ दिन पहले 19 जून को पहाड़ों पर बारिश होने के कारण गंगा का जलस्तर खतरे के निशान पर चल रहा था, जिसमें रावली व भागूवाला क्षेत्र के रहने वाले वन गुर्जर बाढ़ में फंस गए थे। पुलिस-प्रशासन ने रावली जाकर उन सभी को रेस्क्यू करके गंगा से बाहर निकाला था। बरसात के दिनों में मालन नदी का जलस्तर भी बढ़ जाता है। जलस्तर बढ़ने से रावली, ब्रह्मपुरी, बाकरपुरगढ़ी, खानजहांपुर बहादर, बड़कला, शहजादपुर, भोगपुर, चांदपुर, मंडावली, सेवारामपुर और मुजफ्फरपुर केशो सहित दर्जनभर गांव में पानी भर जाता है। प्रशासन ने कुछ दिन पहले आई बाढ़ के मद्देनजर बांध के किनारे चार स्टड भी बनाए हैं, लेकिन बांध का कटान लगातार जारी है। आसपास के गांव में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। गंगा में सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा जमीन समा गई है। इस समय गंगा बांध से मात्र 20 मीटर की दूरी पर बह रही है और कटान करना शुरू कर दिया है।