सहकारी समितियों से अवैध कब्जे हटेंगे
बिजनौर। जिले की सहकारी समितियों से अवैध कब्जे हटेंगे। सहकारिता विभाग ने सहकारी समितियों व सहकारी संघ की सैकड़ों वर्ग मीटर जमीन पर अवैध कब्जे चिह्नित किए हैं। स्योहारा समिति की सबसे अधिक जमीन पर कब्जा है। कब्जाई गई जमीनों की कीमत करोड़ों में बताई गई है। सहायक निबंधक सहकारी समितियां डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के अनुसार जल्द ही अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू होगी। इसकी तैयारी कर ली गई है।
सहायक निबंधक सहकारी समितियां डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के अनुसार ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल के बिजनौर शहर में जिला सहकारी संघ स्थापित है। संघ का कुल रकबा 1254.19 वर्ग मीटर है। इसके 84.63 वर्ग मीटर में दुकान हैं। दुकानों पर अवैध कब्जों का आरोप है। अफजलगढ़ ब्लॉक की सहकारी समिति कासमपुर गढ़ी के गांव हरेवली के गोदाम की 1740 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध कब्जा है। एआर ने बताया कि ब्लॉक कोतवाली के बढ़ापुर में सहकारी संघ की 1680 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध कब्जा है। मामले में बढ़ापुर नगरपालिका परिषद अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज है। सहकारी संघ चांदपुर की 50 वर्ग मीटर तथा साधन सहकारी समिति मिर्जापुर की 110 वर्ग मीटर जमीन पर कथित अवैध कब्जे बताए गए हैं।
स्योहारा समिति की सबसे अधिक जमीन पर कब्जा
सहायक निबंधक सहकारी समितियां डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि किसान सेवा सहकारी समिति स्योहारा की कुल 9333 वर्ग मीटर जमीन है। समिति की पूरी जमीन पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। अवैध रूप से कब्जाई गई जमीन की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। सहकारी संघ बढ़ापुर तथा जिला सहकारी संघ बिजनौर की जमीनों पर कब्जे के मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। उच्च अधिकारियों को सभी मामलों तथा वर्तमान स्थिति की अपडेट जानकारी दे दी गई है।