पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुआ होलिका दहन
मंडावली। गांव शेखुपुरा आलम में पुलिस की मौजूदगी में होलिका दहन किया गया। सतीश चौहान ने पूजन के साथ होलिका दहन कराया।
मंडावली के गांव शेखुपुरा आलम में ग्रामीण सतीश चौहान पूजन के साथ होलिका दहन कार्यक्रम का शुभारंभ करते आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को होलिका दहन कार्यक्रम को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। सूचना पर मंडावली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीण सतीश चौहान ने होलिका दहन किया। दुल्हैंडी के दिन फिर से दोनों पक्षों में विवाद हुआ। ग्रामीण ललित चौहान ने मामले में पुलिस को तहरीर सौंपी। ललित चौहान ने कहा कि 18 मार्च को कुछ शरारती तत्वों ने उनके साथ गाली गलौज की और घर के सामने पथराव किया। ललित चौहान ने मामले में गांव के सात लोगों रवि, विपिन, रामगोपाल, सतीश चंद्र, अमित, नरपाल, नौभार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
उधर, गांव सीतावली के ग्राम प्रधान राकेश कुमार के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। राकेश कुमार ने पुलिस को तहरीर में आरोप लगाया कि शाम को होलिका दहन के बाद वह अपने घर जा रहे थे। रास्ते में आकाश, सोनू तथा बाबूराम आदि ने ग्राम उनके साथ अभद्रता और मारपीट की। प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।