हाथियों का झुंड रौंद रहा गन्ने की फसल, किसान परेशान
हरेवली। रात में हाथियों के झुंड वन क्षेत्र से निकल कर धान, गन्ने की फसलों को रौंद कर बर्बाद कर रहे हैं। आरोप है कि वन विभाग के अधिकारी शिकायत करने के बाद भी किसानों की परेशानी को दूर करने का प्रयास नहीं कर रहे हैं।
साहूवाला वन क्षेत्र से सटे गांवों में हाथियों के झुंडों ने गन्ना व धान की फसलों को रौंद कर नष्ट कर दिया है। रविवार रात को भी हाथियों के आने से किसानों को खेतों से भाग कर जान बचाने को विवश होना पड़ा। शाहनगर कुराली के पूर्व प्रधान फारुख खान ने बताया कि गांव भगौता निवासी शमशाद, हारून, शमून, आशिक, नूरआलम, नसीम, निसार, शकील, रामौतार, भीम सिंह, कृपाल सिंह, रामनगर गोसाईं निवासी राम किशन, कैलाश सिंह, चरण सिंह, विनोद कुमार, ब्रह्मपाल की कई बीघा गन्ने व धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है।
वन क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि वन क्षेत्र से सटे गांवों में टीम को तैनात कर रखा है। जहां से शिकायत मिलती है टीम वहीं जाकर हाथियों को भगाती है।