बिजनौर। जिले में शनिवार को झमाझम बारिश होने सड़क से लेकर कॉलोनियां तक जलमग्ल हो गईं। बिजनौर में करीब 50 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। साथ ही तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, मई से लेकर सितंबर में अब तक 989.4 एमएम बारिश हुई। मौसम विभाग आगामी कुछ दिनों बारिश की संभावना जता रहा है।
शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे से लगातार हो रही बारिश में राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर की आवास विकास, नई बस्ती, पोस्ट ऑफिस सहित अन्य जगह जलभराव होने से लोग परेशान रहे। शनिवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
नगीना स्थित कृषि वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार का कहना है कि आगामी कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में भी गिरावट होगी।
चार महीने में बिजनौर तहसील में 1519 एमएम बारिश : जिले की सभी तहसीलों में बारिश मापी गई। मई से लेकर सितंबर में अब तक बिजनौर तहसील में सर्वाधिक 1519 एमएम बारिश दर्ज की गई। जबकि, नजीबाबाद तहसील में 885 एमएम, धामपुर में 798.4 एमएम, नगीना में 952.8 एमएम, चांदपुर में 790 एमएम बारिश दर्ज की गई।
बाजार में जलभराव : शेरकोट। मूसलाधार बारिश से मुख्य बाजार में जलभराव हो गया और शनिवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार भी फीका पड़ गया। क्षेत्र में दिन भर रुक रुक कर बारिश होती रही। खरीदारों के न आने से साप्ताहिक बाजार में दुकानदारी करने आए ठेला, रेड़ी संचालकों में मायूसी रही।
दो घंटे की बारिश में सड़क पर तीन फीट तक भरा पानी : किरतपुर में दो घंटे की बारिश में जैन मंदिर चौराहा, सर्राफा मार्केट और सरकारी अस्पताल के आसपास की मुख्य सड़क पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। कई दुकानों और घरों में बारिश का पानी घुसने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा।
जैन मंदिर चौराहा, सर्राफा मार्केट और सरकारी अस्पताल बस स्टैंड के आसपास नालियों का पर्याप्त निर्माण नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि वे 30 साल से जलभराव की समस्या झेल रहे हैं। ईओ मेघा गुप्ता ने बताया कि जिन जगहों से शिकायत आ रही है, वहां पंप से पानी निकाला जा रहा है।