बिजनौर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को आयोजित प्रबंधक शिक्षक सम्मेलन में बरेली मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए चुनाव की रणनीति तैयार की गई। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने प्रदेश में केंद्र सरकार की उपलब्धियां को गिनाया और शिक्षक विधायक डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के कार्यों की सराहना की। कई शिक्षक संगठनों ने भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों का समर्थन करने की घोषणा की।
जेवीएस बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रबंधक शिक्षक सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ता से बूथ स्तर तथा स्कूल स्तर पर तैयारी करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में फिलहाल शिक्षक विधायक व स्नातक क्षेत्र के चुनाव प्रस्तावित है। इसलिए कार्यकर्ताओं को कड़ी मेहनत करने की जरूरत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार चौहान एवं संचालन जिला संयोजक डॉ. बीरबल सिंह तथा सह संयोजक रामबीर सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर वित्त विहीन शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह तोमर, महासभा के अध्यक्ष, प्रबंधक संघ की ओर से तपेंद्र चौधरी, महाविद्यालय संघ से डॉ. संदीप शर्मा समेत कई शिक्षक संगठनों ने डॉ. हरि सिंह ढिल्लों को खुला समर्थन देने की घोषणा की। कार्यक्रम में एमएलसी अशोक कटारिया, विधायक अशोक राणा, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, विधायक ओम कुमार, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, पूर्व विधायक कमलेश सैनी, पूर्व विधायक सुखवीर सिंह, राजेंद्र सिंह भुइयार, पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, लीला सिंघल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभाष सिंह, चौधरी धीर सिंह आदि उपस्थित रहे।