किसानों और व्यापारियों की मदद करे सरकार : मलूक नागर
बिजनौर। बिजनौर से बसपा सांसद मलूक नागर ने कोरोना काल में किसानों और व्यापारियों के हित में जरूरी कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी शुरू होने से पहले सरकार ने पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य तय किया था। उन्होंने सरकार से वर्तमान अर्थव्यवस्था का ब्योरा, देश में कोरोना वैश्विक महामारी के उपरांत अर्थव्यवस्था पर प्रभाव के बारे में पता किया था। इसके जवाब में बताया गया है कि वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान भारत के नोमिनल सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में रुपये के संदर्भ में तीन प्रतिशत की कमी आई है।
सांसद का कहना है कि कोरोना वायरस के बाद पूरा देश आर्थिक मंदी से गुजर रहा है। सरकार को चाहिए कि सबसे पहले किसानों को सुविधा दे जिससे देश की रीढ़ की हड्डी मजबूत हो सके। साथ ही पूरे देश के व्यापारियों की मदद करें तथा उनकी देनदारियों को लॉकडाउन के समय से आने वाले समय में दोगुना समय तक छूट दी जाए। कुछ दिनों बाद व्यापार लाइन पर आ जाए तो वे देनदारी को भी उतार सकते हैं। किसान व व्यापारी अगर खुशहाल हैं तो देश की आर्थिक स्थिति स्वत: ही मजबूत हो जाएगी। तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का सपना साकार हो सकता है। लेकिन इस बारे में सरकार को जल्द से जल्द संज्ञान में लेकर किसानों और व्यापारियों को सुविधाएं देनी चाहिए।