उद्यमियों को प्रोत्साहन दे सरकार : मलूक नागर
बिजनौर। बसपा सांसद मलूक नागर ने चीन के इलेक्ट्रानिक उत्पादों पर निर्भरता कम करने के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहन देने का सुझाव केंद्र सरकार को दिया है। उन्होंने इलेक्ट्रानिक उत्पादों पर निर्भरता कम करने व चीनी इलेक्ट्रानिक सामानों के बहिष्कार के बाद उसी मूल्य पर इलेक्ट्रानिक उत्पाद उपलब्ध कराने से संबंधित नीतियों का ब्योरा इलेक्ट्रानिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री से मांगा था।
इसके जवाब में सरकार ने विनिर्माण क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों, सब्सिडी आदि के बारे में बताया है। इस पर सांसद का कहना है कि भारत सरकार ने देश में घटिया व असुरक्षित चीनी इलेक्ट्रानिक उत्पादों के आयात पर अंकुश लगाकर देश के नागरिकों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया है। मेक इन इंडिया योजना के तहत कम से कम लागत पर हमारे देश में ही इलेक्ट्रिक सामानों का उत्पादन करने वाली फैक्टरियों और नए उद्योगों को नियमानुसार जितनी अधिक हो सके प्रोत्साहन की जरूरत है।
योजनाओं के तहत किसी तरह की सहायता या छूट देकर बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए ताकि समय-समय पर देश स्तर पर इसकी आपूर्ति होती रहे। इससे हमारे देश में बेरोजगार हुए लोगों को रोजगार मिल जाएगा और भरोसेमंद इलेक्ट्रिक सामान भी लोगों को मिल सकेंगे। इससे हमारे देश की मुद्रा देश में ही रहेगी और अर्थव्यवस्था को अधिक बल मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में रुपये की कीमत में बढ़ोतरी होगी व हमारा देश आत्मनिर्भर हो सकेगा।