जीजीआईसी बिजनौर में हुई जिला स्तरीय राष्ट्रीय भूमिका निर्वाह प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। राजकीय बालिका इंटर कालेज बिजनौर में माध्यमिक विद्यालयों की जिला स्तरीय राष्ट्रीय भूमिका निर्वाह अर्थात रोल प्ले प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में जीजीआईसी बिजनौर की टीम अव्वल रही।
डीआईओएस जयकरण यादव के निर्देशन में प्रतियोगिता हुई । संयोजक एवं जीजीआईसी बिजनौर की प्रधानाचार्या डॉ निर्मला शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्रीयता के बीज अंकुरित करना है। नोडल अधिकारी एवं जीआईसी अफजलगढ़ के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार के अनुसार पौष्टिक आहार व अच्छा जीवन, व्यक्तिगत सुरक्षा, इलेक्ट्रोनिक गैजेट्स का सुरक्षित उपयोग नशाखोरी के कारण व प्रभाव, विद्यालय में किशोर अवस्था शिक्षा और अनुकूल वातावरण आदि प्रतियोगिता के प्रमुख बिंदु थे।
डॉ पूनम रानी व डॉ प्रज्ञा श्रीवास्तव के संयुक्त संचालन में हुई प्रतियोगिता में मुख्यालय के जीआईसी प्रधानाचार्य धर्मवीर सिंह, केपीएस इंटर कालेज की प्रधानाचार्या संगीता गुप्ता, आरजेपी इंटर कालेज के संगीत शिक्षक अमन यादव मौजूद रहे।
ये रहा परिणाम
संयोजक डॉ निर्मला शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कालेज बिजनौर की टीम प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कालेज किरतपुर की टीम द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कालेज झालू की टीम तृतीय रही है। प्रथम रही टीम प्रदेश स्तर पर प्रस्तावित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। शासन से प्रतियोगिता की तिथि प्राप्त होगी।