धामपुर में नहटौर ओवर ब्रिज के पास निर्माणाधीन कूडा निस्तारण प्लांट।
- फोटो : DHAMPUR
अक्तूबर के अंत तक चालू होगा कूड़ा निस्तारण प्लांट
धामपुर। करीब एक करोड़ की लागत से तैयार होने वाला कूड़ा निस्तारण प्लांट अक्तूबर माह के अंत तक चालू हो जाएगा। प्लांट के चालू होने पर नगर में गंदगी, कूड़ा करकट नजर नहीं आएगा। प्लांट के लिए पालिका ने 29 लाख रुपये की कीमत की एक मशीन मंगा ली है। अभी ऐसी ही दो और नई मशीनें आनी बाकी हैं।
धामपुर पालिका की आबादी करीब 80 हजार से ज्यादा है, पालिका में करीब 150 ज्यादा सफाई कर्मचारी सफाई व्यवस्था में लगे हैं। लेकिन नगर को मानक अनुरूप साफ सुथरा रख पाना पालिका के लिए चुनौती बना है। नहटौर ओवर ब्रिज के पास खाली पड़ी सरकारी जमीन पर पिछले एक साल से कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाने का काम जारी है।
पालिका के ईओ सुभाष कुमार का कहना है कि प्लांट के चालू होने के कुछ माह के बाद नगर में जहां भी कूड़ा या गंदगी नजर आएगी। तभी उसे वहां से उठवाकर प्लांट में पहुंचाया जाएगा। इसके लिए टीमें बनेगी।
पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता का कहना है कि पहले तो इस निष्प्रायोजित खाली पड़ी सरकारी जमीन का प्रयोग डंपिंग मैदान के रूप में किया जा रहा था। लेकिन इस मार्ग से गुजरने वालों को बदबू के कारण भारी दिक्कत होती थी। उन्होंने इस जमीन पर कूूड़ा निस्तारण प्लांट स्थापित कराने को पालिका बोर्ड में प्रस्ताव पास कराया। इस प्लांट को जल्द स्थापित कराने के लिए प्रयास किया जा रहा है।
पालिका की बढे़गी आय
अधिकारियों ने बताया कि प्लांट के चालू होने के बाद पालिका की आय बढे़गी। कूड़ा करकट, गंदगी से खाद बनेगी जिसकी बिक्री कर पालिका की आय को बढ़ाने का प्रयास होगा।