खतरे के निशान से ऊपर है गंगा का जलस्तर
बिजनौर। भले ही बारिश थम गई है, लेकिन गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर ही बना हुआ है। शुक्रवार को 10 सेंटीमीटर की मामूली गिरावट जलस्तर में दर्ज हुई। वहीं, गंगा ने अब कटान करना शुरू कर दिया है। खादर की जमीन तेजी से गंगा मेें समा रही है।
शुक्रवार को हरिद्वार बैराज से गंगा में 84 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिससे बिजनौर बैराज पर जलस्तर 219.40 गेज मीटर रहा, जबकि बृहस्पतिवार को 219.50 मीटर बना हुआ था। जलस्तर में मामूली गिरावट आई है। हालांकि बिजनौर बैराज से शुक्रवार को गंगा में 68 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बता दें कि तीन दिन पहले डिस्चार्ज का आंकड़ा तीन लाख क्यूसेक को भी पार कर गया था। जिसने जिले में बाढ़ ला दी थी। हालांकि अभी भी खादर के खेतों में पानी भरा हुआ है। उधर, कम होते जलस्तर ने खेतों का कटान शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को हरिद्वार के भीमगौड़ा बैराज से गंगा में एक लाख छह हजार क्यूसेक और बिजनौर बैराज से शाम के समय 96 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।